अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। विश्व हिंदू परिषद की जिला कुल्लू की बैठक बुधवार को हुई। जिसमें प्रांत के सह संगठन मंत्री नीरज दोनेरिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान धर्मांतरण, लव जिहाद, देव संस्कृति का संरक्षण आदि ज्वलंत मुद्दों को लेकर चर्चा की गई। वहीं विश्व हिंदू परिषद ने भगवान रघुनाथ मंदिर का सरकार द्वारा अधिग्रहण करने का विरोध किया।
प्रांत के सह संगठन मंत्री नीरज दोनेरिया ने कहा कि मुख्य रूप से बाहरी राज्यों से जो लोग प्रदेश में बिना पहचान पत्र के निवास कर रहे हैं या कारोबार कर रहे हैं। उनका पुलिस प्रशासन द्वारा सत्यापन किया जाए। प्रदेश सरकार हिंदू मंदिरों का ही क्यों अधिग्रहण कर रही है। सरकार मस्जिदों, गिरिजाघरों का अधिग्रहण क्यों नहीं करती। वहां पर भी तो जनता चढ़ावा देती है। विश्व हिंदू परिषद राज्य सरकार के इस दोगली नीति का विरोध करती है। वहीं बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव में देवी देवताओं के अस्थाई शिविरों में भगवा झंडा स्थापित किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्रीय दुर्गा वाहिनी संयोजिका रजनी ठुकराल, विभाग प्रमुख राहुल सोलंकी, जिला मंत्री डिंपल जंबाल, जिला बजरंग दल संयोजक हरीश, जिला प्रचार प्रसार प्रमुख जितेंद्र राजपूत, जिला सह संयोजक विजेंद्र डढवाल, जिला कोषाध्यक्ष दिवाकर वर्मा, नरेश कुमार, मुनीश गुलेरिया, रवि शर्मा, किशन सेन, चुन्नी लाल, भवानी दत्त, योगेश कश्यप आदि मौजूद रहे।