कुल्लू। होली उत्सव के लिए भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर यातायात और कानून-व्यवस्था का जिम्मा 100 जवानों पर होगा। जिला पुलिस ने पंजाब से होला पर्व मनाने गुरुद्वारा साहिब मणिकर्ण आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस मार्ग पर अतिरिक्त बल तैनात करने की व्यवस्था कर दी है। जिला पुलिस ने इस मार्ग पर एक क्यूआरटी, एक रिजर्व और होमगार्ड के 35 जवानों की तैनाती कर दी है।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि पुलिस ने होली उत्सव को लेकर यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता इंतजाम कर लिए हैं। खासकर मणिकर्ण घाटी में गुरुद्वारा साहिब में दर्शन करने के लिए आने वाले सैलानियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े, इसे देखते हुए अतिरिक्त जवान तैनात करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि मणिकर्ण में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है। ऐसे में पुलिस ने भी मोर्चा संभालना आरंभ कर दिया है।
...
हर बार तनावपूर्ण बनता है माहौल
पंजाब से होला मनाने गुरुद्वारा साहिब मणिकर्ण में काफी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पिछले वर्षों में हुड़दंग मचाने के मामले भी सामने आए हैं। इसमें स्थानीय लोगों और पंजाब के युवकों में टकराव देखने को मिलता रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं फिर से न हों पुलिस ने इस बार इसके लिए पुख्ता प्रबंध किए हैं।
...
अन्य क्षेत्रों में भी तैयारियां जोरों पर
मणिकर्ण घाटी के अलावा जिला मुख्यालय कुल्लू, मनाली और बंजार क्षेत्र में भी होली पर्व पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ-साथ प्रशासन ने भी तैयारी कर ली है। अन्य क्षेत्रों में भी पुलिस जवानों के साथ-साथ होमगार्ड जवानों को तैनात किया गया है।
...
होली के दौरान भुंतर-मणिकर्ण मार्ग पर किसी तरह की कानून-व्यवस्था खराब न हो और साथ में यातायात व्यवस्था भी बनी रहे, इसके लिए सौ जवानों को तैनात किया गया है। इसके अलावा भुंतर और मणिकर्ण पुलिस थाना के जवान भी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था देखेंगे।
-मदन लाल कौशल, पुलिस अधीक्षक, जिला कुल्लू
0000