अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के चलते कुल्लू-मनाली में पर्यटन से जुड़े कारोबारियों के चेहरे भी खिल उठे हैं। उत्सव के दौरान पर्यटन सीजन में भी काफी उछाल आया है।
पिछले महीने तक खाली चल रहे मनाली के होटलों में इन दिनों पचास फीसदी से ज्यादा की आक्यूपेंसी चल रही है। विंटर सीजन शुरू होते ही पर्यटन कारोबारियों ने डिस्काउंट पूरी तरह से बंद कर दिया है।
सितंबर तक होटल व्यवसायी पचास फीसदी तक डिस्काउंट दे रहे थे। पर्यटन कारोबारियों का कहना है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव जल्दी शुरू होने के कारण मनाली के पर्यटन व्यवसाय में भी इजाफा हुआ है।
इसके साथ ही रोहतांग समेत पहाड़ी चोटियों पर हाल ही में हुई बर्फबारी भी सैलानियों को अपनी ओर बरबस खींच रही है, जिसके चलते लोग रोहतांग में बर्फ के दीदार के लिए उमड़ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार कुल्लू-मनाली के बड़े होटल पूरी तरह पैक हो गए हैं और छोटे होटलों में भी 50 फीसदी से ज्यादा आक्यूपेंसी चल रही है।
करीब एक सप्ताह पहले कुल्लू-मनाली के होटलों में 20 फीसदी के आसपास आक्यूपेंसी चल रही थी। पर्यटन स्टेक होल्डर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर का कहना है कि दशहरा उत्सव के चलते कुल्लू-मनाली के पर्यटन व्यवसाय ने गति पकड़ी है।
पिछले माह अधिकतर होटल खाली थे, लेकिन अब आक्यूपेंसी 50 फीसदी से ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि रोहतांग में हुई ताजा बर्फबारी भी पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। आगामी दिनों में सीजन और बढ़ने की संभावना है।
एचपीडीसी के महाप्रबंधक एनके बाली ने बताया कि दशहरा उत्सव के चलते मनाली के होटलों में करीब 70 फीसदी के आसपास आक्यूपेंसी चल रही है। एक सप्ताह में पर्यटनकारोबार में दोगुनी वृद्धि हुई है। रोहतांग में बर्फबारी होने से पर्यटन सीजन को और गति मिली है।