जवाली (कांगड़ा )। युवा कांग्रेस जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाएगी। इसके साथ ही युवा कांग्रेस कार्यकर्ता नशा माफिया को पकड़वाने में पुलिस का सहयोग करेंगे। यह बता युवा कांग्रेस (युवां) के जिलाध्यक्ष सुनील विक्कू भारद्वाज ने प्रेसवार्ता के दौरान कही।
उन्होंने कहा कि जिला युवा कांग्रेस 15 विधानसभा क्षेत्रों में विशेष टीमें गठित करेगी, ताकि नशे पर रोक लगाई जा सके। चिट्टा और चरस का नशा तेजी से फैल रहा है, जिससे युवा इसकी चपेट में आकर अपना जीवन बर्बाद कर रहे हैं। नशा माफिया युवाओं को अपने जाल में फंसा रहा है और समाज को नुकसान पहुंचा रहा है। उन्होंने इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए समाजसेवी संस्थाओं और युवाओं को एकजुट होना होगा। भारद्वाज ने प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा नशा माफिया पर की जा रही कार्रवाई की सराहना की और कहा कि अब जिला युवा कांग्रेस भी इस अभियान में सरकार और पुलिस का पूरा सहयोग करेगी।