पालमपुर (कांगड़ा)। स्थानीय पुलिस थाना के अंतर्गत खाना बनाते समय 2 युवकों के झुलसने का मामला सामने आया है। पुलिस को आग से झुलसने पर अस्पताल में उपचार के लिए लाए युवकों के बारे में सूचना मिली थी। पप्पू सुरेन (18) पुत्र प्रेम लाल सुरेन निवासी गांव वावनी डाकघर दगरुआ जिला पूर्णिया बिहार और अवदेश (18) पुत्र श्याम लाल निवासी गांव टपका डाकघर विलोवा तहसील व जिला कटिहार बिहार उपचाराधीन पाए गए। पुलिस पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे सुबह उठे और काम पर जाने की जल्दी में खाना बनाने लगे। इस दौरान चूल्हे के पास रखी पेट्रोल की बोतल ने आग पकड़ ली और फटने से दोनों के शरीर में आग लग गई और झुलस गए। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि घायलों को पालमपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया है। मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।