धर्मशाला। क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला में पांच दिनों से ठप एक्सरे सुविधा मंगलवार को बहाल हो गई। शुक्रवार को मशीन में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण जांच कार्य पूरी तरह रुक गया था। एक महीने के भीतर यह मशीन दूसरी बार खराब हुई थी।
मशीन बंद रहने से अस्पताल पहुंचे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। विशेष रूप से हड्डी रोग से पीड़ित और दुर्घटनाओं में घायल मरीजों को मजबूरी में निजी लैब का रुख करना पड़ा। इससे मरीजों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा और समय भी बर्बाद हुआ। मंगलवार को मशीन दुरुस्त होते ही अस्पताल के एक्सरे कक्ष के बाहर जांच के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग गईं।
-
मरीजों को जल्द मिलेगी दूसरी मशीन की सुविधा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मरीजों के भारी दबाव को देखते हुए यहां जल्द एक और एक्सरे मशीन स्थापित की जाएगी। नई मशीन लगने से आए दिन खराबियों के चलते ठप होने वाली जांच व्यवस्था से छुटकारा मिलेगा और मरीजों को निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
अस्पताल में खराब एक्सरे मशीन को ठीक करवाकर जांच शुरू कर दी गई है। मरीजों को राहत मिली है। अस्पताल में जल्द एक और नई मशीन स्थापित होगी जिससे जांच व्यवस्था और बेहतर बनेगी। -डॉ. अनुराधा शर्मा, चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल धर्मशाला