नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। पिछले कई सालों से अपने पुनरुद्धार की बाट जोह रही नगरोटा सूरियां-लंज और कथोली-वनतुंगली-पुराना बासा सड़क के पुनर्निर्माण का कार्य अगले सप्ताह से शुरू हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से वाहन चालकों को हिचकोलों से निजात मिल जाएगी और पौंग झील में पर्यटकों की आमद में भी इजाफा होगा। इसके अलावा स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।
1011.23 लाख रुपये लागत से आधुनिक तकनीक से बनने वाली साढ़े पांच मीटर चौड़ी और 8.5 किलोमीटर लंबी इन सड़कों के निर्माण के लिए साइन बोर्ड भी लगाने शुरू कर दिए हैं। कंपनी के इंजीनियर रवि ने बताया कि सड़क की प्रत्येक किलोमीटर पर 250 मिलीमीटर गड्ढा खोदकर मिट्टी का सैंपल लेकर फरीदाबाद लैब में भेजा गया था। 56 दिन बाद लैब रिपोर्ट आने के बाद लैब रिपोर्ट अनुसार सड़क की मिट्टी को उखाड़ कर आधुनिक तकनीक का केमिकल मिलाकर सड़क में बिछाकर लेवल किया जाएगा। उसके बाद टायरिंग की जाएगी।