बैजनाथ बाजार में स्मार्ट मीटर के विरोध में रैली निकालतीं महिलाएं। -संवाद
बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला के वार्ड नंबर एक, दो, तीन और चार की महिलाओं ने मंगलवार को स्मार्ट विद्युत मीटर लगाए जाने के विरोध में बैजनाथ बाजार में जोरदार प्रदर्शन किया। नगर परिषद पार्षद अमित कपूर और व्यापार मंडल प्रधान मनोज कपूर के नेतृत्व में निकाली रैली में महिलाओं ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर अपने घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगने देंगी।
बारिश के बीच प्रदर्शन के बाद महिलाओं ने एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम के माध्यम से राज्यपाल और मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। महिलाओं ने मांग की कि क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय तुरंत वापस लिया जाए। प्रदर्शन में शामिल सुमन और अन्य महिलाओं ने कहा कि जब पुराने मीटर ठीक काम कर रहे हैं तो जनता को विश्वास में लिए बिना नई योजना लागू करना उचित नहीं है।
उन्होंने स्मार्ट मीटर से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतों को भी साझा किया। महिलाओं ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई उपभोक्ताओं के पास मोबाइल फोन नहीं हैं, जिससे वे डिजिटल बिल की जानकारी नहीं ले पाएंगे। बिल की सही जानकारी न मिलने और समय पर भुगतान न होने की स्थिति में लोगों को बिजली कटने का डर है। पार्षद अमित कपूर ने कहा कि जनता की राय के बिना इस तरह की योजनाओं को थोपना गलत है।