जवाली (कांगड़ा)। कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने क्षेत्र के सभी 36 महिला मंडलों को उनके कार्यों के लिए 20-20 हजार रुपये की सहायता देने का वादा किया था। इनमें से 10-10 हजार रुपये की पहली किस्त जारी कर दी गई है। दूसरी किस्त भी जल्द दी जाएगी। शनिवार को क्षेत्र में आयोजित महिला सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए ठोस प्रयास कर रही हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में महिलाएं खेती की रीढ़ हैं और उनके योगदान के बिना कृषि की कल्पना भी नहीं की जा सकती। सरकार ने प्राकृतिक रूप से उगाई कच्ची हल्दी पर 90 रुपये प्रति किलोग्राम की एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) निर्धारित की है। इस अवसर पर कृषि विभाग और आत्मा परियोजना के अधिकारियों ने महिलाओं को प्राकृतिक खेती के लाभों और वैज्ञानिक तरीकों की जानकारी दी।