जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल के बड़ेला गांव में रविवार दोपहर सर्पदंश से महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान हुसन बीबी पत्नी यूसुफ दीन के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार करीब तीन बजे हुसन बीबी घर की गोशाला में काम कर रही थीं। इसी दौरान सांप ने उन्हें डस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल जवाली ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हार पंचायत के प्रधान सुशील कुमार ने बताया कि बड़ेला निवासी हुसन बीबी की सर्पदंश से मौत हुई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मृतका के परिवार को हरसंभव सहायता देने की अपील की है। संवाद