गुलेर (कांगड़ा)। पुलिस थाना हरिपुर के तहत एक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर महिला की मौत हो गई। महिला की पहचान ललिता (55) पत्नी दलजीत सिंह निवासी पंसाल (खैरियां) तहसील हरिपुर जिला कांगड़ा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ललिता के भांजे की पत्नी की जवाली क्षेत्र का किसी अस्पताल में प्रसव हुआ है और उसका कुशलक्षेम जानने गई थीं। महिला अस्पताल से अपने भांजे के साथ बाइक पर पंसाल अपने घर लौट रही थी। बिलासपुर और सकरी के बीच वेटरनरी अस्पताल के पास हरिपुर की तरफ एक पुलिया के पास बुलेट बाइक से संतुलन बिगड़ने से वह बाइक से गिर गई, जिससे महिला के सिर पर गंभीर चोट लग गई। महिला को तुरंत हरिपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हरिपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महिला का पति मां बगलामुखी मंदिर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता है। महिला के दो बेटे हैं, जिनमें एक बेटा बिजली बोर्ड में कार्यरत है और दूसरा निजी क्षेत्र में चालक का काम करता है। पुलिस थाना प्रभारी मनजीत सिंह मनकोटिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद