नगरोटा सूरियां बैठक में उपस्थित विद्युत पेंशनर फोरम के पदाधिकारी एवं सदस्य (फ़ोटो : संवाद)
बरियाल (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम नगरोटा सूरियां की मासिक बैठक बुधवार को यूनिट प्रधान त्रिलोक मेहरा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में फोरम ने लंबित बकाया एरियर और अन्य वित्तीय लाभों के भुगतान न होने पर नाराजगी जताई। इसके शीघ्र भुगतान की मांग की है।
उन्होंने अन्य कर्मचारियों की तर्ज पर विद्युत बोर्ड में भी पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने की भी मांग की। इस अवसर पर बिजली बोर्ड पेंशनर फोरम के महासचिव कृष्ण भारद्वाज ने सरकार को चेतावनी दी है कि यदि बकाया राशि का भुगतान जल्द नहीं किया गया तो वे सड़क पर उतरेंगे और इसका खमियाजा सुक्खू सरकार को विधानसभा चुनाव में भुगतने के लिए तैयार रहना होगा।
उन्होंने बिजली कर्मचारियों की हो रही लगातार दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तकनीकी कर्मचारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई। संवाद