समाजसेवी अतुल भारद्वाज ने नगर निगम के अधिकारियों पर लगाए धांधली के आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। समाजसेवी अतुल भारद्वाज ने नगर निगम धर्मशाला पर बिना काम के टेंडर लगाकर लाखों रुपयों के गबन का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि निगम के अधिकारी निर्माण कार्यों में धांधली कर रहे हैं। जो काम पहले ही हो चुके हैं, उनके दोबारा टेंडर लगाकर लाखों की धांधली की जा रही है। उन्होंने कहा कि नगर निगम के आयुक्त के निवास स्थान पर विभिन्न मरम्मत कार्यों के लिए छह अलग-अगल टेंडर लगाए गए, जिसकी राशि 30 लाख रुपये से अधिक है।
अगर कार्य करना ही था तो एक टेंडर क्यों नहीं लगाया गया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस भवन का मरम्मत कार्य पहले ही हो चुका था, ऐसे में दोबारा टेंडर किस बात के लगाए गए। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि मेयर के कमरे में बैठकर ठेकेदारों को टेंडर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वीरवार को नगर निगम कार्यालय में गए तो वहां मेयर, डिप्टी मेयर, आयुक्त और अन्य अधिकारी मौजूद ही नहीं थे। जब संयुक्त आयुक्त से इस बारे बात की तो उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग विंग ही इस बारे में अधिक जानकारी दे सकता है। वहीं, आरोपों को लेकर मेयर नीनू शर्मा ने बताया कि अगर किसी को लगता है कि धांधली हो रही है तो जांच करवा सकते हैं। रही बात आयुक्त निवास स्थान की तो एक साल पहले रेजोल्यूशन डाला गया कि आयुक्त निवास स्थान की मरम्मत की जाए। क्योंकि बिना निवास स्थान के कोई भी आईएएस अधिकारी धर्मशाला नहीं आना चाहता है। वहीं, धांधली तब होती है, जब कार्य न किया हो और पैसे ठेकेदार को दे दिए गए हों।
-