धर्मशाला के सकोह में बारिश के डर के चलते गेंहू की थ्रेसिंग करवाते हुए किसान। संवाद
-मंगलवार को दोपहर बाद धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में हुई बूंदाबांदी
-मौसम विभाग के अनुसार, पांच-छह दिन प्रतिकूल रह सकता है मौसम
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। कांगड़ा जिला में इन दिनों गेहूं की कटाई जोरों पर है लेकिन बदलते मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह से मौसम प्रतिकूल रहा और दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर बाद धर्मशाला सहित आसपास के क्षेत्रों में कुछ समय के लिए हल्की बूंदाबांदी हुई।
मौसम विभाग के अनुसार पांच-छह दिनों तक मौसम प्रतिकूल रह सकता है। विभाग ने बारिश की आशंका जताई है जिससे किसानों की परेशानी बढ़ सकती है। मंगलवार को धर्मशाला में अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि बादल छाए रहने से तापमान में कमी आई है।
बारिश से खेतों में काट कर रखी गई गेहूं की फसल भीग सकती है जिससे किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ सकता है। मंगलवार को भी किसान काटी गई फसल को इकट्ठा करने में जुटे रहे। किसानों को चिंता सता रही है कि कहीं बारिश उनकी पांच माह की मेहनत कर पानी न फेर दे। जिला कांगड़ा में करीब 90 हजार हेक्टेयर भूमि पर गेहूं की फसल उगाई जाती। किसानों का कहना है कि अगर इस समय बारिश होती है तो गेहूं की फसल खेतों में ही भीग सकती है जिससे उत्पादन और गुणवत्ता प्रभावित होगी।
उधर, कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने बताया कि कटाई के दौरान मौसम का अस्थिर होना फसल के लिए सबसे संवेदनशील समय होता है। तेज बारिश या ओलावृष्टि से दाने काले पड़ सकते हैं और उत्पादन में कमी आ सकती है। किसान काटी गई फसल को मेड़ के सहारे खड़ा करें ताकि अगर बारिश होती है तो पानी जल्दी निकल सके।