मंड क्षेत्र में आग लगने से जली गेहूं की फसल। -स्रोत : जागरूक पाठक
डमटाल (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत मंड क्षेत्र में शनिवार को अचानक लगी आग से 40 कनाल भूमि पर खड़ी गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। आग लगने का कारण खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली के तारों में शार्ट सर्किट होना बताया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग से किसान सुरेश कुमार निवासी घंडरां की 16 कनाल, सुरजीत और हरबंस की 12-12 कनाल गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। किसानों ने बताया कि एक-दो दिन में फसल की कटाई शुरू होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही दोपहर को यह हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बिजली की तारों में अचानक हुए शार्ट सर्किट के बाद आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया। किसानों ने समय रहते ट्रैक्टर से खेत जोतकर, मोटरों और पानी की बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, जिससे पास की अन्य फसलें जलने से बच गईं। प्रभावित किसानों का कहना है कि मंड क्षेत्र में कई स्थानों पर बिजली के तारे जमीन से महज 7-8 फीट की ऊंचाई पर लटके हैं और कई जगह इससे भी कम। विद्युत बोर्ड को इस समस्या से कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पंचायत प्रधान जुगल किशोर मौके पर पहुंचे और प्रशासन को स्थिति से अवगत करवाया। उन्होंने किसानों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। वहीं, विधायक मलेंद्र राजन ने भी प्रशासन को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए। एसडीएम इंदौरा सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है और किसानों को हुए नुकसान का आंकलन कर मुआवजा दिया जाएगा।
मंड क्षेत्र में आग लगने से जली गेहूं की फसल। -स्रोत : जागरूक पाठक