बैजनाथ क्षेत्र में पानी के तेज बहाव के कारण क्षतिग्रस्त हुआ ट्यूबवेल
- फोटो : Kangra
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल में जल शक्ति विभाग को शनिवार और रविवार को हुई भारी बारिश के कारण 50 लाख रुपये की चपत लगी है। जल शक्ति विभाग की आधा दर्जन से अधिक पेयजल योजनाओं को नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त कुछ पेयजल योजनाओं के स्रोत पूरी तरह से नष्ट हो गए हैं।
मिली जानकारी अनुसार विभाग की लघू गदीयाडा पेयजल योजना की मोटर और अन्य सामान खड्ड में बह जाने से विभाग को करीब सात लाख का नुकसान हुआ है। बैजनाथ कस्बे के लिए पेयजल की आपूर्ति करने वाली भट्टू पेयजल योजना का स्रोत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। सब्जी मंडी के समीप बागनी में ट्यूबवेल को नुकसान हुआ है और मोटर व अन्य सामान बह गया है। इसके अतिरिक्त राम सूई महाकाल के ट्यूबवेल को भी नुकसान हुआ है। लोअर बैजनाथ कूहल क्षतिग्रस्त हो गई है। क्षेत्र अन्य छोटी कूहलें भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता दिनेश कपूर ने बताया कि कुछ पेयजल स्रोतों को फिलहाल सुचारु कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग को करीब 50 लाख का नुकसान हुआ है।