देहरा में जल शक्ति विभाग की जागरूकता रैली के दौरान जल संरक्षण का संदेश देते हुए जल रक्षक और अन्
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। जल शक्ति विभाग उपमंडल देहरा ने शनिवार को जल महोत्सव पखवाड़ा पर जागरूकता रैली निकाली। रैली जल शक्ति विभाग के विश्राम गृह से शुरू होकर देहरा बाजार तक पहुंची, जहां अधिकारियों, कर्मचारियों और जल रक्षकों ने पानी बचाने का संदेश दिया।
रैली में शामिल लोगों ने हाथों में तख्तियां लेकर जल ही जीवन है, जल बचाओ, जीवन बचाओ, जल है तो कल है और पानी बचाओ, धरती बचाओ जैसे नारे लगाए। इस दौरान पूरे बाजार क्षेत्र में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता का माहौल देखने को मिला। एसडीओ परविंद्र सिंह ने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य लोगों को जल के महत्व के प्रति जागरूक करना और इसके सतत उपयोग के लिए प्रेरित करना है।
यदि समय रहते जल संरक्षण पर ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में पानी का संकट गहरा सकता है। वहीं, जेई प्रतीक सिंह ने कहा कि रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गई कि वे दैनिक जीवन में पानी का संयमित उपयोग करें और हर बूंद की बचत सुनिश्चित करें। यह अभियान पानी की कमी को रोकने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। संवाद