योजनाओं के जलस्तर में 30 फीसदी आई गिरावट
आने वाले समय में गहरा सकता है जलसंकट
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में पिछले एक सप्ताह से गर्मी अधिक होने के चलते जलशक्ति विभाग की कई पेयजल योजनाओं का जलस्तर कम हो गया है। योजनाओं का जलस्तर कम होने से कई क्षेत्रों में पानी किल्लत भी शुरू हो गई है। कांगड़ा के जयसिंहपुर उपमंडल में सबसे अधिक पेयजल योजनाओं के जलस्तर में गिरावट आई है। इससे क्षेत्र में लोगों को परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। जयसिंहपुर में विभाग की तीन से चार स्कीमों में 30 फीसदी तक पानी कम हो गया है। ऐसे में विभाग की ओर से पानी की आपूर्ति के समय में कटौती की जा रही है। इसके अलावा देहरा में कई परियोजनाओं में 20 फीसदी तक पानी में गिरावट दर्ज की गई है। जलशक्ति सर्किल नूरपुर में अभी पेयजल योजनाओं में स्थिति सामान्य बनी हुई है। वहीं, अगर अगले एक सप्ताह तक मौसम लगातार ऐसा ही बना रहा है तो जिले में 50 से अधिक पेयजल योजनाओं के जलस्तर में गिरावट आ सकती है और इन क्षेत्रों में लोगों को पानी के लिए पेरशानी झेलनी पड़ सकती है। जलशक्ति विभाग के सर्किल धर्मशाला के अधीक्षण अभियंता रंजीत चौधरी ने कहा कि अभी तक जिले में पेयजल की स्थिति सामान्य है। जयसिंहपुर उपमंडल में तीन से चार परियोजनाओं का जलस्तर 25 से 30 फीसदी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर अगले कुछ दिनों तक गर्मी और ज्यादा बढ़ती है तो पेयजल योजनाओं के जलस्तर में गिरावट आ सकती है। इसके लिए विभाग की ओर से तैयारियां पहले ही की जा चुकी हैं। जिन क्षेत्रों में पानी की समस्या आएगी, उनमें दूसरी स्कीमों से पेयजल आपूर्ति की जाएगी।