पालमपुर (कांगड़ा)। एचआरटीसी के डीडीएम पंकज चड्ढा ने पालमपुर में बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए निगम की ओर से सभी रूटों की वोल्वो बसों में अलग-अलग किराये का प्रावधान लागू किया गया है। उन्होंने बताया कि वोल्वो बसों के किराये में पांच से 30 फीसदी कटौती कर यात्रियों को राहत प्रदान की है। यात्रियों को सीटों के आधार पर ऑनलाइन बुकिंग काउंटर से छूट का लाभ मिलेगा और आगामी 15 मार्च तक यात्री इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि इस सुविधा के तहत यात्री पालमपुर से दिल्ली का सफर 998 रुपये, पालमपुर से चंडीगढ़ 609 रुपये तथा कांगड़ा से हरिद्वार 1,212 रुपये में कर सकेंगे। इसके अलावा कांगड़ा से शिमला का सफर मात्र 599 रुपये में कर सकते हैं। पंकज चड्ढा ने बताया की सीट नंबर एक से लेकर 20 तक सामान्य किराया लगेगा। वहीं 21 नंबर से लेकर 38 नंबर सीट तक पांच से लेकर 30 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी। इसमें सीटों की स्थिति के हिसाब से यह छूट मान्य रहेगी।