धर्मशाला। मिनी सचिवालय के कैबिनेट हॉल में आयोजित जिला कल्याण समिति की बैठक में पहुंचते ही अध्यक्ष संजय रत्न ने अव्यवस्थाओं को लेकर फटाकर लगा दी। प्रोजेक्टर का स्क्रीन स्टैंड टूटा होने के कारण दोनों तरफ से कुर्सियों पर सहारे टिकाया गया था।
बैठक का आयोजन सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से किया गया था। बैठक में डीसी कांगड़ा हेमराज बैरवा, महिला एवं बाल विकास के जिला परियोजना अधिकारी, सभी खंडों के एसडीएम, सीडीपीओ, तहसील अधिकारी आदि मौजूद थे। बैठक का समय 11:30 बजे निर्धारित किया गया था। लेकिन अध्यक्ष कैबिनेट हॉल में 11:40 पर पहुंचे। उनके बैठक हॉल में पहुंचने के पांच मिनट बाद ही सामने लगाए प्रोजेक्टर की स्क्रीन एक तरफ से झुक गई और लाइट तिरछी पड़ने लगी। इस पर उन्होंने कैबिनेट मंत्रियों की ओर से की जाने वाली बैठकों पर भी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठाए।
अध्यक्ष संजय रत्न ने कहा कि इन व्यवस्थाओं के चलते कैबिनेट मंत्री अपनी बैठकें कैसे करते होंगे। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को प्रोटोकोल से चलने की बात कही। बैठक में उन्होंने पीछे बैठे एसडीएम को अपने सामने बिठाया। जबकि हॉल में प्रवेश करने से पहले सीढि़यों पर खुशवू के लिए अगरबत्तियां लगाई गई थी। संवाद