नगरोटा सूरियां के पास गज्ज खड्ड में पानी के बहाव में फंसा ट्रैक्टर।-जागरूक पाठक
बरियाल/नगरोटा सूरियां/गगल (कांगड़ा)। बारिश के बीच शनिवार को अलग-अलग हादसों में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। नगरोटा सूरियां के समीप गज खड्ड में जलस्तर बढ़ने से एक ट्रैक्टर बीच धारा में फंस गया। ट्रैक्टर पर चालक समेत दो लोग फंस गए। उधर, गगल-सराह मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात घंटों बाधित रहा।
नगरोटा सूरियां के पास बरियाल क्षेत्र में शनिवार सुबह गज खड्ड पार कर रहा एक ट्रैक्टर अचानक जलस्तर बढ़ने से बीच नदी में फंस गया। ट्रैक्टर पर चालक समेत दो लोग सवार थे। अचानक आए उफान के बावजूद दोनों ने हिम्मत बनाए रखी और ट्रैक्टर पर ही टिके रहे। स्थानीय लोगों को जैसे ही भनक लगी, वे तुरंत रस्सियां लेकर किनारे पहुंचे और मशक्कत के बाद दोनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बाद में पानी का बहाव कम होने पर ट्रैक्टर को भी निकाल लिया गया।
उधर, शुक्रवार देर रात से जारी भारी बारिश के चलते गगल से सराह होकर धर्मशाला जाने वाले मार्ग पर तिब्बती यूनिवर्सिटी के समीप चीड़ का एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया। वैकल्पिक रास्ता न होने के कारण धर्मशाला और गगल की ओर आने-जाने वाले नौकरीपेशा लोगों व छात्रों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में समाजसेवी जतिंद्र सिंह ने स्थानीय लोगों के सहयोग से पेड़ को हटाकर करीब तीन घंटे बाद यातायात सुचारू करवाया। प्रशासन ने एक बार फिर नदी-नालों से दूर रहने और एहतियात बरतने की अपील की है।