नंदपुर में गोशाला के कार्य के दौरान हुआ हादसा
नगरोटा सूरियां में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों रेफर
संवाद न्यूज एजेंसी
नगरोटा सूरियां (कांगड़ा)। पंचायत नंदपुर में गोशाला की दीवार गिरने से मजदूर और मालकिन गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जबकि मिस्त्री बाल-बाल बच गया। गोशाला की मालकिन कविता पूरी तरह दीवार के नीचे दब गईं, जबकि मजदूर महेश राज की दोनों टांगें दीवार की चपेट में आ गईं। दोनों घायलों को तुरंत नगरोटा सूरियां सीएचसी पहुंचाया गया। यहां डॉक्टर ने गंभीर हालत को देखते हुए दोनों को टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है लेकिन परिजन उन्हें अमृतसर अस्पताल ले गए हैं। बताया जा रहा है कि भारी वर्षा से गोशाला की एक दीवार गिर गई थी। मिस्त्री और मजदूर दीवार की कच्ची ईंटों से चिनवाई कर रहे थे कि अचानक दीवार गिर गई और मालकिन कविता और मजदूर महेश दीवार की चपेट में आ गए। उधर, ग्राम पंचायत के उपप्रधान छबिंद्र सिंह ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है।