सकोह में खराब हुई देहरा डिपो की बस को ठीक करते मैकेनिक। -संवाद
धर्मशाला। सकोह और मलां में एचआरटीसी की दो बसों में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सकोह में देहरा डिपो की बस शनिवार शाम करीब 5 बजे स्टेरिंग लॉक होने के कारण खराब हो गई। बस के खड़े रहने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
वहीं, रविवार को मलां में पठानकोट डिपो की बैजनाथ-पठानकोट रूट की बस अचानक तकनीकी खराबी के चलते रास्ते में रुक गई। इससे कुछ समय के लिए यातायात और यात्रियों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि निगम प्रबंधन ने दोनों प्रभावित बसों के यात्रियों के लिए दूसरी बसों की व्यवस्था की, लेकिन इसके बावजूद मुसाफिरों को असुविधा झेलनी पड़ी।
यात्रियों ने मांग की है कि रूट पर भेजने से पहले बसों की नियमित तकनीकी जांच और मरम्मत सुनिश्चित की जाए। देहरा डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक आयुष ने बताया कि सकोह में बस खराब होने की सूचना मिलते ही रूट पर दूसरी बस भेज दी गई थी। मैकेनिक तकनीकी खराबी को दूर करने में जुटे हैं और जल्द ही बस को ठीक कर रूट पर भेज दिया जाएगा।
वहीं, पठानकोट डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक विजय कुमार ने बताया कि रविवार को मलां में खराब हुई बस की सूचना मिलते ही करीब आधे घंटे के भीतर तकनीकी खामी दूर कर दिया गया। इसके बाद बस को रूट पर भेज दिया गया था।