शहर पालमपुर में दुकानदारों से जीएसटी की जानकारी लेते विपिन परमार, त्रिलोक कपूर, विनय शर्मा व अन
पालमपुर (कांगड़ा)। कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रभारी एवं सुलह के विधायक विपिन सिंह परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी के पांच और 18 प्रतिशत के दो स्लैब लागू कर हर नागरिक को राहत दी है। एक जुलाई 2017 से लागू एक देश-एक बाजार की सोच और जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है। अब इस दो स्लैब के लागू होने से छोटे से बड़े व्यक्ति तक सभी को लाभ मिलेगा।
पालमपुर में पत्रकारों से बात करते हुए परमार ने कहा कि जीएसटी के इस दो स्लैब से छात्रों को पढ़ाई की सामग्रियां सस्ती मिलेंगी। वहीं, जीवन बीमा और दवाइयों की कीमतें भी कम होंगी। उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर नागरिक को स्वदेशी अपनाना होगा। दुकानदारों से भी उन्होंने आह्वान किया कि वे स्वदेशी सामान रखें और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाएं।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने विपिन सिंह परमार की अगुवाई में पालमपुर बाजार में दुकानदारों से जीएसटी से मिलने वाली राहत को लेकर बातचीत की। लोगों ने इस पहल पर खुशी जताई। मौके पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, प्रवक्ता विनय शर्मा, जिला अध्यक्ष रागिनी रुकवाल, पूर्व विधायक मुल्ख राज प्रेमी, रविंद्र धीमान, तनु शर्मा और मंडल अध्यक्ष गोपेश शर्मा समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।