पालमपुर(कांगड़ा)। वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) पालमपुर ने ट्यूलिप गार्डन बुधवार से लोगों के लिए खोल दिया है। इससे लोग यहां रंग-बिरंगे फूलों का दीदार कर सके।
विज्ञापन
इस बार गार्डन में सात किस्मों के 50 हजार फूल लगाए गए हैं। खराब मौसम के कारण केंद्रीय मंत्री डाॅ. जितेंद्र सिंह पालमपुर नहीं पहुंच सके। उन्होंने वर्चुअल माध्यम से ट्यूलिप गार्डन का उद्घाटन किया। ट्यूलिप गार्डन करीब एक माह तक लोगों के लिए खुला रहेगा और इस वर्ष एक लाख से ज्यादा लोगों के यहां पहुंचने की उम्मीद है। सीएसआईआर के निदेशक डॉ. सुदेश यादव ने कहा सीएसआईआर-आईएचबीटी संस्थान से कुछ समय पूर्व एनडीएमसी दिल्ली को ट्यूलिप के 15 हजार बीज भेजे गए थे। वहां पर ट्यूलिप के फूल सफलतापूर्वक खिले हैं। वहीं, फ्लोरीक्लचरी मिशन के तहत लाहौल और लद्दाख में किसानों को जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि ट्यूलिप गार्डन लोगों के लिए दिन भर खुला रहेगा और इसको देखने के लिए कोई शुल्क नहीं वसूला जाएगा।