भाजपा के वरिष्ठ प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने हाल ही में जारी हिमाचल प्रदेश मानव विकास रिपोर्ट 2025 के आंकड़ों के आधार पर प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर कांगड़ा जिले के साथ घोर उपेक्षा, राजनीतिक भेदभाव और आर्थिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। हिमाचल प्रदेश मानव विकास रिपोर्टअ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 27 अक्तूबर को शिमला में जारी की है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि मुख्यमंत्री रिपोर्ट ने स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस के शासनकाल में कांगड़ा विकास की दौड़ में पिछड़कर प्रदेश के सभी 12 जिलों में सबसे निचले पायदान यानी 12वें स्थान पर पहुंच गया है।
जबकि सोलन और लाहौल-स्पीति जैसे जिले विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहे हैं, कांगड़ा को जानबूझकर पिछड़ा बनाए रखा जा रहा है। त्रिलोक कपूर ने धर्मशाला में आयोजित किए जा रहे कांगड़ा विंटर कार्निवल 2025 पर कहा यह कार्निवल विकास का नहीं, बल्कि कांगड़ा की बदहाली का उपहास है। कपूर ने कहा कि कांगड़ा की जनता ने कांग्रेस के पक्ष में बड़ा जनादेश दिया था, लेकिन बदले में उन्हें केवल उपेक्षा मिली। त्रिलोक कपूर ने चेतावनी देते हुए कहा कि कांगड़ा की स्वाभिमानी जनता कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र और भेदभावपूर्ण रवैये को देख रही है।