नगरोटा बगवां(कांगड़ा)। पंचायत मस्सल में वीर सपूत बलिदानी ब्रह्मदास की पुण्यतिथि पर शनिवार को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया। इस मौके कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। बलिदानी ब्रह्मदास वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध में अपने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दुश्मन से लोहा लेते हुए बलिदान हो गए थे। इस अवसर पर मौजूद उनके परिजनों, संबंधियों और गांव वासियों द्वारा सर्वप्रथम हवन-यज्ञ के बाद स्थानीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल में रुद्राक्ष का पौधा रोपित किया।
साथ ही इंजीनियरिंग कॉलेज को बिल्व पत्र का पौधा भेंट किया। कार्यक्रम में एसडीएम मनीष शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि मेडिकल कैंप का शुभारंभ किया। इस दौरान रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया। बलिदानी ब्रह्मदास के चित्र के समक्ष पुष्प अर्पित करके उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर ठंडे पानी की छबील भी लगाई गई। रक्तदान शिविर में टांडा की टीम ने 34 यूनिट रक्त एकत्रित किया जबकि मेडिकल कैंप में 150 लोगों के रक्तचाप और अन्य बीमारियों की निशुल्क जांच की गई। इस मौके पर अतायशा आई सेंटर द्वारा लगभग 145 लोगों की आंखों की जांच की। इस मौके पर बलिदानी ब्रह्मदास की पत्नी सीमा देवी, बेटा राहुल, बेटी मीनाक्षी, बीएमओ डॉ. रूबी भारद्वाज, डॉ. उमंग डोगरा, अरविंद चौधरी, कुलदीप कुमार, ओंकार चंद आदि उपस्थित रहे।