धर्मशाला। प्रदेश में दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को 24 घंटे खुले रखने की सरकारी अनुमति पर जिले के कारोबारियों में मिली-जुली राय देखने को मिल रही है। पर्यटन उद्योग से जुड़े लोग इसे सैलानियों की सुविधा और अतिरिक्त बिक्री के लिहाज से लाभकारी मान रहे हैं, वहीं स्थानीय और ग्रामीण बाजारों के व्यापारियों का कहना है कि ऑनलाइन डिलीवरी के बढ़ते चलन और रात में ग्राहकों की नाममात्र आवाजाही के चलते 24 घंटे दुकानें खुली रखना व्यावहारिक नहीं होगा।
हालांकि, नियमों के तहत कर्मचारियों से तय सीमा से अधिक काम नहीं लिया जा सकेगा और श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा कल्याण के पुख्ता इंतजाम करने होंगे। व्यापारियों का कहना है कि यदि रात के समय ग्राहकों का रिस्पांस बेहतर हुआ, तभी संचालन का समय बढ़ाने का फैसला लिया जाएगा।
धर्मशाला कचहरी व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष लुथरा का कहना है कि ऑनलाइन डिलीवरी एप के चलते लोग बाहर कम निकल रहे हैं। इसका लाभ पर्यटन स्थलों पर अधिक होगा। स्थानीय बाजारों में भी लोग रात के समय कम निकलना पसंद करते हैं।
अगर रात में ग्राहक आने लगे और बिक्री का अच्छा रिस्पांस मिला तो कारोबार का समय जरूर बढ़ाएंगे। हालांकि अतिरिक्त स्टाफ और दूसरे खर्चों को देखते हुए हर व्यापारी के लिए पूरी रात दुकान खोलना व्यावहारिक नहीं होगा। -अमित शर्मा, चामुंडा
पर्यटन सीजन में देर रात होटल पहुंचने वाले पर्यटकों के लिए भोजन और जरूरी सामान की उपलब्धता कारोबारियों के लिए अतिरिक्त बिक्री का मौका बन सकती है। सरकार का यह फैसला पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों के लिए भी उपयोगी होगा। -ममनीत, चामुंडा
पर्यटक केवल दिन के समय ही बाजार और खान-पान की सेवाओं का इस्तेमाल नहीं करते। देर शाम और रात को पहुंचने वाले सैलानियों के लिए बाजार खुला मिलने से उनकी सुविधा बढ़ सकती है। -पुरुषोत्तम लाल, चामुंडा
पर्यटक अगर देर रात भी शहर में घूमने, खाने-पीने और खरीदारी के विकल्प पा सकेंगे तो इससे पर्यटन का पैटर्न बदल सकता है। अगर बाजार और फूड जॉइंट देर रात तक चलने लगे तो पर्यटक ज्यादा समय शहर में बिता सकते हैं। -विनोद सूद, लंबागांव
24 घंटे फूड जॉइंट खोलने की अनुमति का फायदा मुख्य सड़क मार्गों पर स्थित ढाबों को मिल सकता है। देर रात सफर करने वाले वाहन चालकों, राहगीरों और पर्यटकों को भोजन की सुविधा मिल सकेगी। ग्रामीण क्षेत्र में देर रात ग्राहकों की संख्या सीमित रहती है। -मनोज शर्मा, अपर लंबागांव
सरकार का फैसला सही है। इसका पर्यटन सीजन के दौरान लाभ रहेगा। आम दिनों में 24 घंटे व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को खोलने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की आवश्यकता होगी। यह फैसला सही मायने में तभी लाभदायक होगा जब पर्यटन नगरी में सड़क संबंधित मूलभूत सुविधाओं का पूरी तरह से विकास किया जाए। -विवेक महाजन, महासचिव, होटल एवं रेस्तरांं एसोसिएशन धर्मशाला
.परषोत्तम लाल दुकानदार
.परषोत्तम लाल दुकानदार
.परषोत्तम लाल दुकानदार
.परषोत्तम लाल दुकानदार