धर्मशाला के कोतवाली बाजार में शाम को वाहनों की संख्या अधिक होने से लगा जाम। अमर उजाला
धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला और आसपास के पर्यटन स्थलों पर रविवार को पर्यटकों की अच्छी आमद देखने को मिली। धर्मशाला के होटलों में करीब 70 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। होटल कारोबारियों की मानें तो रविवार को पर्यटकों के ग्राफ में कमी आई है। हालांकि यह पूरा सप्ताह होटल कारोबार की दृष्टि से काफी अच्छा रहा है। इनमें से अधिकतर पर्यटक वे हैं जो सप्ताहांत (वीकेंड) पर धर्मशाला पहुंचे हैं।
होटल कारोबारियों का कहना है कि गर्मी बढ़ने के साथ मैदानों से बड़ी संख्या में लोग पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। आगामी दिनों में भी पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। पर्यटन कारोबार में तेजी आने से होटल, रेस्तरां और टैक्सी कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर भी रौनक लौट आई है। उधर, होटल एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के महासचिव विवेक महाजन ने बताया कि रविवार को होटलों में 70 फीसदी होटल ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई है। अनुमान है कि आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा।
यातायात व्यवस्था पर दिखा असर
पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही का असर शहर की यातायात व्यवस्था पर भी देखने को मिला। शाम के समय कोतवाली बाजार मुख्य सड़क पर रुक-रुककर जाम लगा। हालांकि पुलिस प्रशासन की ओर से तैनात यातायात कर्मी मौके को संभालते हुए यातायात को सुचारू करते रहे।