निजी होटलों में 40 और निगम के होटलों में 60 फीसदी पहुंची ऑक्यूपेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला में वीकेंड के दौरान पर्यटकों की आमद बढ़ने से होटल कारोबार को कुछ राहत मिली है। शनिवार को निजी होटलों में करीब 40 फीसदी, जबकि हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के होटलों में लगभग 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। हालांकि सप्ताह के सामान्य दिनों में पर्यटकों की संख्या कम रहने से होटलों की ऑक्यूपेंसी महज 5 से 7 फीसदी तक सीमित है।
होटल कारोबारियों का कहना है कि वीकेंड पर बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों के कारण होटलों में रौनक लौट आती है, लेकिन सप्ताह के बाकी दिनों में बुकिंग काफी कमजोर रहती है। इसका असर होटल व्यवसाय के साथ-साथ पर्यटन से जुड़े अन्य कारोबारों पर भी पड़ रहा है। बरसात के मौसम में वीकेंड पर मिली यह बेहतर ऑक्यूपेंसी कारोबारियों के लिए राहत लेकर आई है।
स्मार्ट सिटी एंड रेस्तरां एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष राहुल धीमान ने बताया कि इस वीकेंड निजी होटलों में औसतन 40 फीसदी ऑक्यूपेंसी दर्ज की गई। वहीं, एचपीटीडीसी के एजीएम कैलाश ठाकुर ने कहा कि पर्यटन निगम के होटलों में करीब 60 फीसदी ऑक्यूपेंसी रही, जो बरसात के मौसम के लिहाज से संतोषजनक है।