धर्मशाला। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 'टूरिज्मो त्रिगर्त कार्निवल-2026' का रंगारंग आगाज हुआ। विश्व पर्यटन सप्ताह के अंतर्गत पर्यटन एवं यात्रा तथा बी-वॉक विभाग की ओर से आयोजित इस कार्निवल में प्रदेश की लोक संस्कृति, पर्यटन क्षमता, नवाचार और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्निवल का शुभारंभ कला संकाय भवन से निकले सांस्कृतिक मार्चपास्ट के साथ हुआ। इसमें 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रदेश के विभिन्न जिलों की पारंपरिक वेशभूषा धारण कर और देव पालकियों के साथ भाग लिया। किन्नौर, चंबा, कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, शिमला और लाहौल-स्पीति की समृद्ध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक लोकगीतों और पहाड़ी नृत्यों की धुनों से पूरा कॉलेज परिसर सांस्कृतिक रंगों में सराबोर नजर आया।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने मुख्य अतिथि जिला पर्यटन अधिकारी विनय धीमान सहित अन्य अतिथियों को हिमाचली शाल, टोपी व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया ने कहा कि अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और आत्मविश्वास का संचार करती हैं। मुख्य अतिथि ने सस्टेनेबल टूरिज्म (सतत पर्यटन) को बढ़ावा देने में युवाओं और शिक्षकों की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन संवर्धन में नवाचार के साथ आगे आने का आह्वान किया।
शताब्दी वर्ष पर 100 की मानव शृंखला
महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर एनसीसी, एनएसएस, रोवर-रेंजर्स, टूर एंड ट्रैवल और बी-वॉक के 100 विद्यार्थियों ने मिलकर 100 की मानव शृंखला बनाई। हिमाचली पारंपरिक खाद्य प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने कांगड़ा, मंडी, चंबा, कुल्लू और सिरमौर के पारंपरिक पकवान तैयार कर स्थानीय खानपान और लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश दिया।
27 सितंबर तक चलेंगे 25 से अधिक मेगा इवेंट
कार्निवल के तहत मॉडल मेकिंग, टूर इटिनरेरी मेकिंग, ग्रीन इनोवेशन, रंगोली और विशेष स्वच्छता अभियान जैसी कई रचनात्मक स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। 27 सितंबर तक चलने वाले इस त्रिगर्त कार्निवल में कुल 25 से अधिक मेगा इवेंट्स होंगे। आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के डॉ. अमित कटोच, तरसेम जरयाल सहित समस्त शिक्षक वर्ग व स्वयंसेवी विद्यार्थी मुस्तैदी से जुटे रहे।
धर्मशाला महाविद्यालय के ओडिटोरियम में पर्यटन विभाग के त्रिगर्त कार्निवाल के दौरान डांस की प्रस्
धर्मशाला महाविद्यालय के ओडिटोरियम में पर्यटन विभाग के त्रिगर्त कार्निवाल के दौरान डांस की प्रस्