हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2024 में सूखे के हालात के बावजूद पर्यटन कारोबार में 13.24 फीसदी बढ़ा है। हर वर्ष की भांति 2024 में भी प्रदेश की राजधानी शिमला देशी-विदेशी सैलानियों की पहली पसंद रहा है। वर्ष 2023 के मुकाबले सूबे में इस बार 21 लाख से अधिक देशी-विदेशी सैलानी पहुंचे हैं। बीते वर्ष प्रदेश में कुल 1,81,24,694 पर्यटक पहुंचे हैं, जिनमें से 1,80,41,929 देशी और 82,765 विदेशी पर्यटक शामिल हैं। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश के लिए वर्ष 2024 पर्यटन के हिसाब से काफी अच्छा रहा है। इस वर्ष प्रदेश में पर्यटन कारोबार पूरी तरह से फला-फूला है। प्रदेश को वर्ष 2023 के मुकाबले इस वर्ष 21 लाख से अधिक पर्यटकों ने निहारते हुए यहां के विहंग दृश्यों का लुत्फ उठाया है। प्रदेश में सबसे अधिक पर्यटक राजधानी शिमला पहुंचा हैं।
प्रदेश सरकार जिला कांगड़ा को पर्यटन राजधानी के रूप में विकसित कर रही है। इसी का नतीजा है कि वर्ष 2024 में जिला कांगड़ा में आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वहीं पर्यटन विभाग ने भी जिले में कई स्थानों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया है, जिसके चलते यहां पर पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।-विनय धीमान, जिला पर्यटन अधिकारी, कांगड़ा।