धर्मशाला। आदर्श आचार संहिता के चलते जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधीश कांगड़ा ने जिले में लाइसेंसशुद्धा हथियारों को संबंधित थानों और बंदूक की दुकानों में जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। बावजूद इसके अभी तक 40 फीसदी लोगों ने अपने हथियारों को जमा नहीं करवाया है। अगर अप्रैल के अंत तक इन व्यक्तियों ने अपने-अपने हथियारों को जमा नहीं करवाया तो उनके खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामले दर्ज किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार जिला कांगड़ा में 18 हजार के करीब लाइसेंसशुद्धा बंदूकधारी हैं। इनमें से अभी तक 11 हजार के करीब लोगों ने ही अपनी-अपनी बंदूकों को जमा करवाया है, जबकि अन्य व्यक्ति बंदूकें जमा करवाने में लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस प्रशासन ने ऐसे लोगों को अप्रैल तक का समय बंदूकें जमा करवाने के लिए दिया है। अगर इसके बाद भी उन्होंने हथियारों को जमा नहीं करवाया तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। बताया जा रहा है कि पुलिस विभाग के पास अभी तक केवल मात्र 60 फीसदी ही हथियार जमा हुए हैं, जबकि शेष बचे हथियारों में कई लोग ऐसे हैं, जो कि अपने-अपने घरों से दूर हैं। ऐसे में वे अपने हथियारों को जमा करवाने में असमर्थ हैं।