चंबा। साहो क्षेत्र की बरौर पंचायत के छमेरी गांव में युवक की मौत के मामले में पुलिस ने तीन अन्य लोगों को पूछताछ के लिए थाने में तलब किया। ये तीनों सोनू कुमार के साथ आखिरी बार देखे गए थे। इसमें दुकानदार और गाड़ी चालक शामिल हैं जिनसे पुलिस ने गहनता से पूछताछ की है। परिजन इस मौत को हत्या बता रहे हैं। इसको लेकर उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी पुलिस को बताए हैं जिनके ऊपर उन्होंने हत्या करने का शक जाहिर किया है। हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इसके आने पर पुलिस अपनी जांच को आगे बढ़ाएगी। फिलहाल पुलिस इस मामले में अब तक 14 लोगों से पूछताछ कर चुकी है। 11 लोगों से पहले पूछताछ की गई थी और तीन लोगों से मंगलवार को पूछताछ की गई। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि पुलिस इस मामले में हर पहलू पर जांच कर रही है।