ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। वन परिक्षेत्र इंदौरा के अंतर्गत हिलटॉप मंदिर के पास वन विभाग की टीम ने खैर की लकड़ी तस्करी का प्रयास विफल कर दिया है। विभाग ने तीन आरोपियों को दबोच लिया, जबकि चालक मौके से भाग गया। टीम ने खैर के मोछों से लदी पंजाब नंबर की कार को कब्जे में ले लिया है।
वन रक्षक की शिकायत पर डमटाल पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है। वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौरा अब्दुल हमीद ने कहा कि क्षेत्र के जंगलों में खैर चोरी की लगातार मिल रही सूचनाओं के बाद वन रक्षकों और वन मित्रों की गश्त बढ़ाई गई थी। रविवार तड़के टीम जब हिलटॉप मंदिर के पास पहुंची तो वहां पंजाब नंबर की एक संदिग्ध कार खड़ी मिली।
चालक जंगल से खैर के मोछे लेकर आया और अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें कार में लादने लगा। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से सतनाम सिंह, मरीद दीन और सुनील कुमार (तीनों निवासी गांव टिपरी, डाकघर लोधवां, तहसील इंदौरा) को गिरफ्तार कर लिया, जबकि चालक अमित कुमार निवासी गांव व डाकघर नंगल (पठानकोट) अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला। वन रक्षक बलविंद्र सिंह की शिकायत के आधार पर पुलिस थाना डमटाल में प्राथमिकी दर्ज कर आगामी छानबीन की जा रही है।