लंबागांव (कांगड़ा)। सोल बनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय किशोर अभिलाष की संदिग्ध हालत में मौत के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत अदालत ने 6 अक्तूबर तक बढ़ा दी है। 14 दिन की न्यायिक रिमांड पूरी होने के बाद बुधवार को राहुल, ईशान और अतुल को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जयसिंहपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से अदालत ने उन्हें दोबारा जेल भेजने के आदेश दिए।
उल्लेखनीय है कि सोल बनेहड़ निवासी 16 वर्षीय अभिलाष 26 अगस्त शाम करीब चार बजे अपर लंबागांव में ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से निकला था। वह न तो ट्यूशन सेंटर पहुंचा और न ही रात को घर लौटा। अगले दिन 27 अगस्त को अभिलाष घर से कुछ दूरी पर संदिग्ध व बेसुध हालत में मिला था। अस्पताल में उपचाराधीन अभिलाष ने 30 अगस्त को दम तोड़ दिया था।
मामले में परिजनों के संदेह और शुरुआती जांच के आधार पर लंबागांव पुलिस ने राहुल, ईशान और अतुल को गिरफ्तार किया था। डीएसपी संदीप शर्मा ने बताया कि अदालत ने तीनों आरोपियों को फिर से न्यायिक हिरासत में भेजा है और पुलिस मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों की गहनता से जांच कर रही है।