जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली की नरगाला पंचायत में चोरी का मामला सामने आया है। नरगाला निवासी अशोक कुमार ने बताया कि मंगलवार को बह घर में अकेला था और रात को बरामदे में सोया था। चोरों ने इसका फायदा उठाकर कमरे से करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के गहनों और 30 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ किया है।
जानकारी के अनुसार नरगाला निवासी अशोक कुमार के घर में चोरों ने 8 तोले सोने और चांदी के गहने और 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली है। अशोक कुमार ने बताया कि बुधवार सुबह उठकर उसने कमरा खोला तो बेड का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अंदर रखे सोने और चांदी के गहने और नकदी गायब थी।
इसके बाद पंचायत प्रधान शिव कुमार को सूचित किया गया। पंचायत प्रधान ने थाना जवाली में सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिनाख्त शुरू की। अभी तक पुलिस शिनाख्त में जुटी हुई है। डीएसपी जवाली सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कह कि जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।