कोटला (कांगड़ा)। पुलिस चौकी कोटला के तहत अज्ञात चोरों ने कोटला बाजार में चार दुकानों के शटरों को तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया है। हालांकि इस घटना को अंजाम देने में चोर नाकाम रहे। यह सारा वाक्य बाजार की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया।
इस संदर्भ में पुलिस घटना के साक्ष्य जुटा रही है। बाजार के दुकानदार योगराज मेहरा, व्यापार मंडल के प्रधान अरविंद कुमार, अखिल महाजन और गोपी चंद ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में कैद फुटेज के अनुसार इको कार में आए नकाबपोश अज्ञात चोरों ने बुधवार सुबह चार बजे बाजार में दस्तक देकर दुकानों के शटर और ताले तोड़ दिए, हालांकि वे इस दौरान सफल नहीं हाे पाए। दुकानदारों का कहना है कि इस तरह बेलगाम यह चोर गिरोह क्षेत्र में सक्रिय है।
इससे कोटला और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। उन्होंने मांग उठाई है कि पुलिस तत्परता से छानबीन कर चोर गिरोह को पकड़े। इस बारे में एसपी नूरपुर अशोक रतन ने कहा कि कोटला में गश्त बढ़ा दी जाएगी और पुलिस इस चोर गिरोह को जल्द ही पकड़ा जाएगा।