जयसिंहपुर/पालमपुर (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू वीरवार को कांगड़ा जिला के अपने एकदिवसीय प्रवास के दौरान पालमपुर, जयसिंहपुर और सुलह विधानसभा क्षेत्र में 492.34 करोड़ की विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित बैठक के दौरान विभिन्न विभागों को अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 140.67 करोड़, पालमपुर में 302.51 करोड़ और सुलह विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 करोड़ के विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री वीरवार को प्रातः 11:05 पर जयसिंहपुर मैदान कलामंच में पहुंचकर 13 करोड़ 30 लाख रुपये से निर्मित दो परियोजनाओं का उद्घाटन और 127.37 करोड़ से बनने वाली 15 परियोजनाओं को शिलान्यास करेंगे। तत्पश्चात वहां जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद पालमपुर स्थित विला कैमिलिया में 33.4 करोड़ की लागत से निर्मित जलशक्ति विभाग की तीन परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वहीं, 269.47 करोड़ से बनने वाली विभिन्न विभागों की 18 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सुलह जाएंगे।