बैजनाथ में चोरों द्वारा शिव मंदिर के बाहर स्थित दुकान के पीछे की तोड़ी गई दीवार। जागरूक पाठक
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऐतिहासिक शिव मंदिर के बाहर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित 6 दुकानों में बुधवार देर रात चोरों ने सेंधमारी की। इस वारदात में चोरों ने नकदी और मोबाइल फोन सहित अन्य सामान चुराया है। इतना ही नहीं, आरोपियों ने एक फास्ट फूड की दुकान में रखे पनीर और मोमो भी खाए। चोरी की इस घटना को लेकर पुलिस थाना बैजनाथ में प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की छानबीन की जा रही है।
वीरवार सुबह दुकान मालिक जब दुकान पर पहुंचे तब पीछे की तरफ की दीवार के टूटे होने पर चोरी की घटना का पता चला। इनमें जूते मरम्मत करने वालों की, सैलून और फास्ट फूड की दुकानें शामिल हैं। ये सभी छोटी दुकानें नगर परिषद के तहत किराये पर हैं। इनके नीचे की तरफ बिनवा खड्ड होने पर गहरी खाई है। इस तरफ कोई भी नहीं जा पाता है। चोरों ने गहरी खाई की तरफ से दुकानों के पीछे की तरफ की दीवार को तोड़कर सेंध लगाई। लोगों का मानना है कि चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर अन्य क्षेत्र के हो सकते हैं। चोरों को मालूम नहीं था कि इन दुकानों के अंदर क्या सामान होगा। इसलिए उन्होंने सैलून और जूते मरम्मत करने वालों की दुकानों में सेंध लगाई।
उधर, पुलिस थाना प्रभारी यादेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है और सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।