धर्मशाला के पुलिस लाइन में गैस सिलिंडर लेने के लिए लगी लोगों की लाइन। अमर उजाला
-पुलिस लाइन धर्मशाला में इंडेन के सिलिंडर लेने के लिए उमड़ी भीड़
-घंटों के इंतजार के बाद भी लौटना पड़ा खाली हाथ
-लोगों ने सिलिंडर वितरण की व्यवस्था पर उठाए सवाल
-
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। शहर में इंडेन गैस सिलिंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वीरवार को गैस एजेंसी की गाड़ी पुलिस लाइन धर्मशाला पहुंची तो काफी संख्या में उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए पहुंचे। दोपहर तक वहां लोगों की भीड़ रही और लाइनों में लगकर लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
वीरवार को इंडेन गैस एजेंसी के केवल 70 सिलिंडर पहुंचे जबकि 100 से अधिक उपभोक्ता सुबह से ही कतार में खड़े रहे। पर्याप्त सिलिंडर उपलब्ध न होने के कारण कई लोगों को घंटों इंतजार करने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ा। कई उपभोक्ताओं का कहना था कि पिछले कई दिनों से सिलिंडर की आपूर्ति नियमित नहीं आ रही है जिसके कारण घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि एजेंसी में सिलिंडर वितरण की व्यवस्था सही नहीं है। लोगों को पर्याप्त जानकारी भी नहीं दी जा रही।
गैस एजेंसी के कर्मचारियों ने बताया कि मंगलवार को एक हफ्ते बाद सप्लाई आई थी। बुधवार को सप्लाई नहीं आई और वीरवार को केवल 70 सिलिंडर ही पहुंचे। इस कारण कई उपभोक्ताओं को सिलिंडर नहीं मिल पाए और खाली हाथ लौटना पड़ा। उधर, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के जिला नियंत्रक पुरुषोत्तम सिंह ने बताया कि सिलिंडर की सप्लाई प्रभावित होने से इस तरह की समस्या उत्पन्न हो रही है।
धर्मशाला के पुलिस लाइन में गैस सिलिंडर लेने के लिए लगी लोगों की लाइन। अमर उजाला