धर्मशाला। मेहनत का कोई भी शाॅर्टकट नहीं है। ऑनलाइन माध्यम से कभी भी और किसी भी स्थान पर अगर निवेश करना है तो सोच-समझ कर करें। लोग एकदम से करोड़पति बनने की सोच न रखें, क्योंकि आज के समय में लालच ही लोगों को आर्थिक नुकसान पहुंचा रहा है। यह बात साइबर क्राइम ब्रांच नार्थ रेंज धर्मशाला के एडिशनल एसपी प्रवीण धीमान ने अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से हाईलैंड पब्लिक स्कूल सुधेड़ में आयोजित पुलिस की पाठशाला के दौरान कही।
इस दौरान उन्होंने कहा कि फोन एक वरदान था, लेकिन अब यह एक अभिशाप बन चुका है। पहले लोगों को अपनी इंद्रियों पर काबू पाने के लिए प्रेरित किया जाता था, लेकिन अब मोबाइल फोन के इस्तेमाल से खुद को बचाने के लिए प्रेरित करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इंटरनेट के मायाजाल से दुनिया की जानकारी तो मिल रही है, लेकिन अपने जानकार कम हो रहे हैं, क्योंकि लोगों का अब अपनों के साथ मेल-मिलाप कम हो गया है। एएसपी प्रवीण धीमान ने स्कूल के विद्यार्थियों को जागरूक करते हुए कहा कि फोन का इस्तेमाल उतना ही करें, जितना जरूरी है। फोन का ज्यादा इस्तेमाल नकारात्मक फैला रहा है।
मोबाइल फोन से दोस्ती बनाने से बेहतर है कि अच्छे दोस्त बनाए जाएं। मोबाइल और इंटरनेट के मायाजाल से निकलने से एक ही जरिया खुद को खेलों में व्यस्त रखना है। अगर विद्यार्थी खुद को खेलों में व्यस्त रखेंगे तो वे नशीले पदार्थों के सेवन से भी बचे रहेंगे। वहीं, इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मौजूदा समय में बढ़ रहे फ्राड के नए-नए तरीकों से भी अवगत करवाया। साथ ही उन्होंने बताया कि कोई व्यक्ति किस प्रकार से जालसाजों के झांसे में आने से बच सकता है। ऐसे किसी भी लिंक को ओपन न करें, जो कि किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजा गया हो। इसके अलावा जब भी ऑनलाइन माध्यम से पैसों के लेन-देने की बात आए तो पहले पूरी तरह से जांच-पड़ताल कर लें। आज थोड़े से लालच के लिए लोग जालसाजों के झांसे में आकर लाखों रुपये लुटा रहे हैं। इस कार्यक्रम में हाईलैंड पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल नीलप्रीत राॅय, वाइस प्रिंसिपल ममता कटोच, काउंसलर विधु दुबे सहित स्कूल का अन्य स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के दौरान भारती राणा ने बहुत ही अच्छे तरीके से मंच का संचालन किया। कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने कई प्रश्न भी एएसपी प्रवीण धीमान से पूछे, जिनका मुख्यातिथि ने सहजता से उत्तर दिया।
विद्यार्थियों ने ये पूछे सवाल
क्या इंटरनेट के पॉजिटिव प्वाइंट भी हैं : वैभव
स्कूल के छात्र वैभव ने प्रश्न किया कि क्या इंटरनेट के पॉजिटिव प्वाइंट भी हैं, जिस पर एएसपी ने कहा कि अगर इंटरनेट का सही इस्तेमाल करोगे तो वह फायदा देगा, उसका गलत इस्तेमाल करोगे तो उसके नुकसान भी बहुत ज्यादा हैं।
फ्रॉड से बचने के लिए कैसे जागरूक बनें : आर्या
स्कूल के विद्यार्थी आर्या के प्रश्न फ्रॉड से कैसे बचें पर प्रवीण धीमान ने कहा कि इसके बारे में पहले खुद को अपडेट रखें। किसी भी लालच भरे ऑनलाइन कार्यों में अपनी हिस्सेदारी न दिखाएं। इसे अलावा लोगों को भी फ्रॉड के बारे में जागरूक करें।
क्रिप्टो करेंसी पर क्या विचार है : रिहान
छात्र रिहान ने पूछा कि क्रिप्टो करेंसी को साइबर की नजर से कैसे देखा जा सकता है, जिस पर मुख्यातिथि ने कहा कि क्रिप्टो करेंसी को हिमाचल में एक चेन के रूप में इस्तेमाल कर दर्शाया गया था, जिसमें जहां कई लोगों को फायदा पहुंचा है तो कई लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
हैकर डिटेल कैसे निकालते हैं : एलिशा
स्कूल की छात्रा एलिशा ने पूछा कि हैकर डिटेल कैसे निकालते हैं, जिस पर एएसपी प्रवीण धीमान ने बताया कि हैकर आपके द्वारा ही विभिन्न सोशल मीडिया अकाउंट पर डाली गई आपकी जानकारी से ही आपकी डिटेल निकालते हैं। इसके चलते कोई भी सोशल मीडिया अकाउंट बनाते समय अपनी पूरी जानकारी साझा न करें और न ही कहीं घूमने फिरने जाते समय वहां के फोटो शेयर करें।