गुलेर (कांगड़ा)। बनखंडी बाजार में अगस्त 2024 में ज्वेलर की दुकान में चोरी मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड गुलशन उर्फ काका को देहरा न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी को 31 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
पुलिस रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद आरोपी को पुलिस दोबारा अदालत में पेश करेगी। गौर है कि 16 अगस्त 2024 को बनखंडी बाजार स्थित ज्वेलर की दुकान में चोरी हुई थी। इस मामले में पुलिस पहले ही फिरोजपुर, पंजाब के चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी। चोरी के इस पूरे षड्यंत्र का सरगना गुलशन उर्फ काका लंबे समय से फरार था, जिसे पुलिस ने 29 अक्तूबर को फिरोजपुर, पंजाब से दबोचा है। डीएसपी देहरा शुमायला चौधरी ने बताया कि आरोपी गुलशन उर्फ काका से पूछताछ जारी है। पुलिस इस शातिर मास्टरमाइंड से चोरी के माल की बरामदगी और अन्य महत्वपूर्ण कड़ियों को जोड़ने की कोशिश कर रही है। शुक्रवार को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया जाएगा। संवाद