लगातार चार छुट्टियां होने पर सैलानियों ने किया धर्मशाला का रुख
निजी होटलों में भी 90 फीसदी तक पहुंची ऑक्यूपेंसी
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। पर्यटन नगरी धर्मशाला-मैक्लोडगंज सैलानियों से पैक हो गए हैं। लगातार चार छुट्टियां होने के कारण पर्यटकों ने यहां का रुख किया है। इससे पहले वीकेंड पर चैत्र नवरात्र की अष्टमी और नवमी के चलते कम ही पर्यटक मैक्लोड़गंज में पहुंचे थे। इस वीकेंड पर फिर से पर्यटकों ने धर्मशाला-मैक्लोडगंज का रुख किया है। इससे होटल कारोबारियों ने भी राहत की सांस ली। पर्यटन विकास निगम के होटल पैक हो गए, जबकि निजी होटलों में भी करीब 90 फीसदी तक ऑक्यूपेंसी पहुंच गई है। वहीं, आने वाले पर्यटन सीजन में होटल कारोबारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद जगी है।
वीकेंड पर धर्मशाला-मैक्लोडगंज की ओर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के पर्यटक पहुंचे हैं। मैदानी क्षेत्रों में बढ़ रही गर्मी और हिमाचल के ठंडे मौसम में राहत पाने के लिए पर्यटक इस वीकेंड पर यहां पहुंचे हैं। 15 अप्रैल से शुरू होने वाले पर्यटन सीजन के दौरान अब होटल कारोबारियों को पर्यटकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। इसके लिए होटल कारोबारियों की ओर से अपने-अपने स्तर पर मनोरंजन गतिविधियों के आयोजन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं। जिससे कि पर्यटन सीजन के दौरान पर्यटकों के लिए बेहतर व्यवस्थाएं की जा सकें।
बाक्स:
- इस वीकेंड पर पर्यटकों की तादाद में इजाफा हुआ है। पर्यटन विकास निगम के होटल पैक हैं।
- कैलाश ठाकुर, एजीएम, पर्यटन विकास निगम धर्मशाला
- इस बार काफी संख्या में पर्यटक धर्मशाला-मैक्लोडगंज पहुंचे हैं। इसके चलते होटलों में भी करीब 90 फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंची है।
- संजीव गांधी, महासचिव, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन स्मार्ट सिटी धर्मशाला
- वीकेंड पर इस बार ऑक्यूपेंसी 65 फीसदी से अधिक पहुंची है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होने की उम्मीद है।
- अश्वनी बांबा, अध्यक्ष, होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला
-