नूरपुर पुलिस जिला के तहत शिक्षण संस्थानों में आयोजित जागरूकता अभियान में हिस्सा लेते हुए छात्र
डमटाल (कांगड़ा)। पुलिस जिला नूरपुर के तत्वावधान में शनिवार को विभिन्न थाना और चौकियों के माध्यम से शिक्षण संस्थानों में एक वृहद जागरूकता अभियान चलाया गया। इस विशेष सत्र के तहत जिला के 16 प्रमुख विद्यालयों में पुलिस टीमों ने दस्तक दी और विद्यार्थियों को नशा मुक्ति हिमाचल और सुरक्षित भविष्य के लिए जागरूक किया।
पुलिस ने खटियाड़, जवाली, मकड़ाहन, कोटला, त्रिलोकपुर, चरुड़ी, सुक्खड़, माजरा, गंगवाल, सदवां, बरोट, इंदौरा, बसंतपुर, बरांडा, रेहन और देहरी के स्कूलों में विशेष सत्र आयोजित किए। इस दौरान विद्यार्थियों को 112 आपातकालीन सेवा के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। अभियान के दौरान युवाओं को नशे के दलदल से दूर रहने की प्रेरणा दी गई। पुलिस अधिकारियों ने साइबर अपराधों पर चर्चा करते हुए ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल और सोशल मीडिया फ्रॉड से बचने के तरीके साझा किए। साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की बारीकियों से भी अवगत कराया गया।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस टीम ने पोक्सो एक्ट के तहत गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया। विद्यार्थियों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध या असहज स्थिति में बिना डरे अपने अभिभावकों या पुलिस को सूचित करें।