धर्मशाला। ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष सत्येंद्र गौतम, महासचिव पवन शर्मा और सन्नी शर्मा ने शासन प्रशासन और विभाग की ओर से सुधेढ़ में सड़क धंसने के संबंध में उचित समय पर ठोस कदम न उठाए जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पिछली बरसात में सुधेढ़ में सड़क धंसने के कारण एक आवासीय भवन ढह गया था और दूसरा असुरक्षित घोषित कर दिया गया था।
इसके साथ ही एचआरटीसी वर्कशॉप के साथ लगती भूमि भी पिछले कई वर्षों से लगातार धंस रही है। जिस तरह बरसात हो रही है और इसी तरह होती रही तो यह सड़क बंद भी हो सकती है। उनका कहना है कि अगर पिछली बरसात के बाद इस समस्या पर ध्यान दिया होता तो यह समस्या इतनी बड़ी न बनती। सत्येंद्र गौतम ने कहा कि इसका मुख्य कारण इस सड़क का धर्मशाला से सुधेढ़ तक का हिस्सा धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी उपमंडल के तहत आता है, जबकि यह सड़क सुधेढ़ से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़ती है और गगल उपमंडल में आती है। इसी खींचतान के कारण धर्मशाला से सुधेढ़ तक की सड़क उपेक्षित रहती है। उन्होंने मांग की कि धर्मशाला तक सड़क को गगल उपमंडल के अधीन किया जाए, जिससे प्रभावित शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के लोगों को अतिशीघ्र राहत मिल सके।