एसडीएम से मिलने पहुंचे पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता। -संवाद
नूरपुर (कांगड़ा)। नगर परिषद नूरपुर के नवनिर्वाचित पार्षद शपथ लेने से पहले ही एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। बुधवार को नीति महाजन के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता और अन्य नवनिर्वाचित पार्षद एसडीएम कार्यालय पहुंच गए। उन्होंने एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपकर शहर में घूम रहे आवारा पशुओं से नूरपुर वासियों को जल्द निजात दिलाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की।
नीति महाजन ने एसडीएम को बताया कि चुनावी प्रचार के दौरान जब उन्होंने विभिन्न वार्डों का दौरा किया था तो आवारा पशुओं की गंभीर समस्या एक बहुत बड़े मुद्दे के रूप में सामने आई थी। उन्होंने कहा कि चुनावों के दौरान उन्होंने शहर वासियों को आश्वस्त किया था कि नगर परिषद में कांग्रेस समर्थित कमेटी बनने पर आवारा पशुओं से मुक्ति दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने एसडीएम से आग्रह किया कि नवनिर्वाचित कमेटी के शपथ समारोह से पहले ही प्रशासन इस दिशा में अपने स्तर पर उचित कदम उठाए। एसडीएम अरुण शर्मा ने कहा कि जल्द ही नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी (ईओ) और संबंधित विभागों के साथ तालमेल बिठाकर इस समस्या का स्थाई समाधान खोजा जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि इस समस्या को हल करने के लिए कुछ कड़े प्रशासनिक कदम भी उठाने पड़े, तो प्रशासन पीछे नहीं हटेगा, बशर्ते इसमें शहर वासियों का पूरा सहयोग मिले।
इस अवसर पर नवनिर्वाचित पार्षद नीति महाजन के साथ वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन, गौरव महाजन, पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष यशपाल सोगा सहित कई अन्य वार्डों के लोग और समर्थक मौजूद रहे।