धर्मशाला के उपायुक्त कार्यालय की लिफ्ट खराब होने के चलते तीसरी मंजिल पर उपायुक्त कार्यालय पहुंच
धर्मशाला। कांगड़ा उपायुक्त कार्यालय धर्मशाला की लिफ्ट पिछले 20 दिनों से खराब है। जिस कारण डीसी, एडीसी, एडीएम, डीआरओ और एसडीएम कार्यालय आने वाले लोगों को सीढ़ियां चढ़नी पड़ रही हैं। खासकर दिव्यांगों, बुजुर्गाें और जिन लोगों को घुटनों की बीमारी है, उनको सीढ़ियां चढ़ने में खासी परेशानी झेलनी हो रही है। सूत्रों के मुताबिक डीसी कार्यालय की लिफ्ट की मरम्मत वार्षिक मरम्मत कंट्रैक्ट (एएमसी) के तहत होती है। डीसी कार्यालय और कंपनी के बीच हुए एग्रीमेंट के अनुसार लिफ्ट की देखरेख और मरम्मत कार्यालय के लिए हर साल संबंधित कंपनी को भुगतान करना होता है लेकिन लंबे समय से कंपनी को भुगतान नहीं हुआ है। जिस कारण अब यह लिफ्ट बंद पड़ी है। वीरवार को कई बुजुर्ग और घुटनों की बीमारी से पीड़ित लोग डीसी कार्यालय की सीढि़यां चढ़ते दिखे। उधर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि डीसी कार्यालय की लिफ्ट पिछले 20 दिन से खराब होना प्रदेश की खराब वित्तीय स्थिति को जगजाहिर करती है।