इंदौरा/डमटाल/गंगथ (कांगड़ा)। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, ब्लॉक इंदौरा के सौजन्य से वीरवार को गगवाल में ''अपना परिवार सुखी परिवार'' अभियान के तहत विशेष जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अति निर्धन तथा बीपीएल परिवारों को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाना एवं उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक मलेंद्र राजन ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने डेंकवां, लोधवां, गगवाल, भदरोआ, बेली महंता और माजरा पंचायतों के चयनित बीपीएल परिवारों से संवाद किया।
विधायक ने कहा कि हर जरूरतमंद की आवाज सरकार की आवाज बनेगी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीपीएल सूची में केवल वास्तविक रूप से पात्र और जरूरतमंद परिवारों को ही शामिल किया जाए। बीपीएल परिवारों ने समस्याएं और मांगें विधायक व प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर विधायक ने नियमों के तहत तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं, पात्रता शर्तों और आवेदन प्रक्रिया के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, बीडीओ सुदर्शन सिंह, डीएफओ संदीप कोहली, बीएमओ इंदौरा डॉ. संदीप महाजन, विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता संदीप सनिहाल, खाद्य निरीक्षक अजय कौंडल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।