धर्मशाला। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में खेले गए ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच क्रिकेट विश्व कप के पांचवें मैच में खूब रोमांच देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया की टीम के अंतिम ओवर की हर गेंद रोमांच बढ़ाती चली गई। 50वें ओवर की पहली गेंद पर ट्रेंट बोल्ट ने एक रन लेकर फार्म में चल रहे जेम्स नीशम को स्ट्राइक दी। स्ट्राइक पर पहुंचे नीशम के लिए स्टार्क ने गेंद फेंकी, लेकिन यह गेंद वाइड होने के साथ-साथ सीमा रेखा को भी पार कर गई।
न्यूजीलैंड को पांच रन मिलने के साथ ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वहीं दोबारा से फेंकी गई 50वें ओवर की दूसरी, तीसरी और चौथी गेंदों पर नीशम ने दो-दो रन लेकर मैच को और रोमांच से भर दिया। वहीं, अंतिम ओवर की 5वीं गेंद पर नीशम ने फिर से दो रन लेने चाहे, लेकिन दूसरा रन पूरा करने से पहले ही वह रनआउट हो गए। नीशम के आउट होते ही न्यूजीलैंड की जीत की उम्मीदों पर भी पानी फिर गया। न्यूजीलैंड को अंतिम गेंद पर जीत के लिए छह रन की जरूरत थी, लेकिन मैच की अंतिम गेंद खेलने के लिए फर्ग्यूसन कोई भी रन नहीं बना पाए और न्यूजीलैंड की टीम पांच रन से मैच हार गई। कुल मिलाकर आईसीसी पुरुष एकदिवसीय वर्ल्ड कप-2023 के आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच खेले गए मैच मैच में 388 रन बना कर भी आस्ट्रेलिया की टीम को जीत के लिए संघर्ष करना पड़ा।
मैच खत्म होते ही सड़क पर रेंगीं गाड़ियां
मैच खत्म होने के बाद एक साथ निकलीं गाड़ियां सड़कों पर रेंगती हुई नजर आईं। इस दौरान पुलिस मैदान धर्मशाला से लेकर पालमपुर की ओर शीला चौक तक गाड़ियों की कतारें लग गईं। इसके चलते मैच देखने आए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।